मानसून:-15 तक बारिश की चेतावनी, गरजेंगे बादल, मानसूनी बौछार शुरू
बारिश का मौसम शुरू हो चुका है। शुक्रवार को झमाझम वर्षा के बाद अब मौसम विभाग ने चेतावनी जारी किया है। 13 जून से मौसम का मिजाज फिर बदलने वाला है। तीन दिनों तक संभाग के अधिकांश जगहों में बारिश होगी। तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है। फिलहाल यहां आसमान में बादल छाए हुए हैं।
मानसून के आगमन के साथ अब बारिश को लेकर सभी टकटकी लगाए हुए हैं। न्यायधानी में एक दिन पूर्व रूक रूक कर देर शाम तक बारिश होती रही। हालांकी शनिवार की सुबह आसमान में काले घने बादल जरूर उमड़े लेकिन दोपहर तक बारिश नहीं हुई। फिलहाल बिलासपुर का अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस के आसपास है।
बंगाल की खाड़ी में निम्न दाब का क्षेत्र लालपुर स्थित मौसम वेधशाला के मुताबिक एक निम्न दाब का क्षेत्र उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उत्तरी ओडिसा तट और पश्चिम बंगाल तट के ऊपर स्थित है। इसके और अधिक प्रबल होकर पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए ओडिसा झारखंड और उत्तर छत्तीसगढ़ की ओर अगले दो से तीन दिन में बढ़ने की संभावना है।
एक द्रोणिका दक्षिण पंजाब से निम्न दाब के केंद्र तक हरियाणा, उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश, उत्तर-पूर्व मध्य प्रदेश, उत्तर छत्तीसगढ; और झारखंड होते हुए 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। उत्तर-पश्चिम द्रोणिका का 3.1 किलोमीटर से 5.8 किलोमीटर तक निम्न दाब के केंद्र से दक्षिण छत्तीसगढ़ विदर्भ, उत्तर मध्य महाराष्ट्र, दक्षिण गुजरात होते हुए पश्चिम मध्य अरब सागर तक स्थित है।
अब कैसा रहेगा मौसम
13 जून को अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। प्रदेश में कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी वर्षा होने की संभावना है। प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ वज्रपात होने की भी संभावना है। प्रदेश में अधिकतम तापमान में विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। बिलासपुर के अधिकांश जगहों में बारिश होने की संभावना है।
Comments